नीमच के कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को पुरानी कृषि उपज मंडी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सियाचिस्ट नीलामी क्षेत्र में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
किसानों ने कलेक्टर के सामने तीन प्रमुख समस्याएं रखीं— पहली, पेयजल की कमी; दूसरी, साफ-सफाई की गंभीर समस्या; और तीसरी, हम्मालों द्वारा अतिरिक्त पैसे की मांग। इन शिकायतों पर कलेक्टर ने मंडी सचिव उमेश बसेड़िया को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए और व्यवस्थाएं सुधारने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंडी परिसर में फैली गंदगी देखकर नाराजगी जताई और मंडी सचिव को फटकार लगाई। किसानों ने भोजन व्यवस्था सुधारने और नीलामी क्षेत्र में पंखे लगाने का सुझाव भी दिया, जिस पर कलेक्टर ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके अलावा, कलेक्टर ने मंडी में सुरक्षा व्यवस्था और व्यापारी-किसान समन्वय की स्थिति की भी जानकारी ली। इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम संजीव साहू, मंडी सचिव उमेश बसेड़िया समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस औचक निरीक्षण से मंडी प्रशासन में हलचल मच गई है। किसानों को अब उम्मीद है कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।