मंदसौर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री कपिल मेहता ने शुक्रवार को जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देश पर किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य बंदियों को दी जा रही विधिक सहायता, स्वास्थ्य सेवाएं, भोजन और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेना था।
न्यायाधीश मेहता ने जेल की विभिन्न बैरकों का दौरा किया और वहां बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बंदियों को निशुल्क विधिक सहायता संबंधी जानकारी भी दी।
निरीक्षण के पश्चात न्यायाधीश ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि विचाराधीन बंदियों को प्राथमिकता के आधार पर विधिक सहायता प्रदान की जाए, और यह सुनिश्चित किया जाए कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सेवाएं हर पात्र बंदी तक बिना किसी देरी के पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान उप जेल अधीक्षक राजेश विश्वकर्मा एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी अपर्णा लोधी भी उपस्थित रहीं।