नीमच। रावण रूंडी क्षेत्र में रविवार रात पुराने विवाद को लेकर बड़ा बवाल हो गया। हथियारों से लैस युवकों ने एक युवक पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवक महेश नाथ (27) का जिला चिकित्सालय में इलाज जारी है, वहीं पुलिस ने मुख्य आरोपी अयान पिता सलीम चुम्बा को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 10 बजे 10–15 युवक दोपहिया वाहनों पर सवार होकर रावण रूंडी पहुंचे और महेश नाथ को घेरकर हमला कर दिया। अयान ने तलवार से वार किया, जिसे रोकने के प्रयास में महेश की कलाई गंभीर रूप से कट गई।
घटना के बाद अस्पताल और क्षेत्र में तनाव फैल गया। बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। हालात को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। विश्व हिंदू परिषद के निर्मल देव नरेला, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष दारासिंह यादव, पार्षद रामचंद धनगर सहित कई नेता भी अस्पताल और सिटी थाने पहुंचे।
इधर, एडीशनल एसपी नवलसिंह सिसोदिया, अपर कलेक्टर लक्ष्मी गामड़ और तहसीलदार ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
बताया जा रहा है कि हमले से पहले नीमच सिटी क्षेत्र में दो बाइकों की भिड़ंत हुई थी। दोनों पक्षों में समझौता हो गया था, लेकिन बाद में आरोपी युवक हथियारों से लैस होकर रावण रूंडी पहुंचे और हमला कर दिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।