मंदसौर। जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान तेजी से जन आंदोलन का रूप ले रहा है। यह अभियान 30 जून तक चलाया जाएगा, जिसके तहत जल संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। मनरेगा के माध्यम से नए तालाबों का निर्माण किया जा रहा है, वहीं पुराने तालाबों, कुओं और बावड़ियों का जीर्णोद्धार भी किया जा रहा है।
शहर और गांवों—दोनों क्षेत्रों में अभियान को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। जल संरक्षण के साथ-साथ वृक्षारोपण पर भी विशेष फोकस किया गया है। शुरुआत में ऐसे जल स्रोतों को प्राथमिकता दी गई है जिनका ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व है।
अभियान में जन प्रतिनिधि, प्रशासन और स्थानीय समुदाय मिलकर कार्य कर रहे हैं। मशीनरी, सामग्री और श्रमिकों का उचित नियोजन किया गया है। नदी-नालों की सफाई, गाद निकासी, बावड़ियों की मरम्मत जैसे कार्य तेज़ी से चल रहे हैं।
जिला कलेक्टर अदिति गर्ग ने बताया कि जन अभियान परिषद द्वारा गांव-गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जल संरचनाओं की सफाई एवं संरक्षण का कार्य जन सहयोग से किया जा रहा है। कुओं के रिचार्ज हेतु विशेष गड्ढों का निर्माण भी इस अभियान का एक अहम हिस्सा है।