मंदसौर ज़िले के भानपुरा में गुरुवार रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 2 किलोग्राम अफीम ज़ब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोटा (राजस्थान) निवासी 29 वर्षीय हंसराज सुतार और चित्तौड़गढ़ निवासी 27 वर्षीय शंकरलाल सुतार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी एक सफेद रंग की फोर्ड इको स्पोर्ट्स कार में गांधीसागर से भानपुरा बायपास होते हुए राजस्थान की ओर जा रहे थे। तभी थाना प्रभारी आरसी दांगी के नेतृत्व में टीम ने उन्हें दबोच लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद के निर्देश पर चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत की गई।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से अफीम के स्रोत और संभावित खपत की जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ कर रही है। दोनों को शुक्रवार दोपहर कोर्ट में पेश किया जाएगा।