शामगढ़ सिविल अस्पताल में रोगी कल्याण समिति की बैठक सम्पन्न, स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

Desk News
2 Min Read

शामगढ़ सिविल अस्पताल में बुधवार शाम रोगी कल्याण समिति की साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक हरदीप सिंह डंग ने की। बैठक में पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान अस्पताल की उपलब्धियों की समीक्षा की गई।

अस्पताल ने 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 के बीच कुल 1.28 लाख मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इनमें 68,438 भर्ती मरीज, 3,922 गर्भवती महिलाएं और 1,063 प्रसूताएं शामिल रहीं। इस अवधि में अस्पताल में 33,560 एक्स-रे, 1,758 सोनोग्राफी, 418 ईसीजी और 1,930 नेत्र जांचें की गईं।

जल्द मिलेंगे और चिकित्सक, फिजियोथैरेपी सेंटर होगा सुसज्जित

वर्तमान में अस्पताल में महिला चिकित्सक सहित कुल 7 डॉक्टर कार्यरत हैं। विधायक डंग ने जानकारी दी कि जल्द ही अतिरिक्त चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही फिजियोथैरेपी सेंटर में नई मशीनें लगाने का निर्णय भी बैठक में लिया गया।

आधुनिक सुविधाओं से लैस है अस्पताल

बैठक में दुकानों के बकाया किराए की वसूली हेतु तहसीलदार को निर्देशित किया गया। इस दौरान संजय दायमा को उनके पिता की स्मृति में अस्पताल को दान की गई एंबुलेंस के लिए समिति का सदस्य बनाया गया और सम्मानित किया गया।

मंदसौर जिले में जिला अस्पताल के बाद शामगढ़ सिविल अस्पताल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के लिहाज़ से अग्रणी माना जाता है। यहाँ डिजिटल एक्स-रे, सोनोग्राफी और लैब टेस्ट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

Share This Article
Leave a comment