नीमच। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय सुभाष सेवा संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था द्वारा एक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत साइकिल रैली और वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
साइकिल रैली की शुरुआत फव्वारा चौक से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी कॉलोनी और शोरूम चौराहा तक पहुंची। विशेष बात यह रही कि डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धारवे ने स्वयं साइकिल चलाकर रैली में भाग लिया और नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण व वृक्षारोपण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है।”
कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार और नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर संस्था के संरक्षक नवीन अग्रवाल और अध्यक्ष किशोर बागड़ी सहित रमेश मौर्य, जगदीश शर्मा, दुलीचंद किनरिया, प्रवीण आर्य, टेकचंद बुनकर, कन्हैयालाल शर्मा, पृथ्वी सिंह वर्मा, अनिल चौरसिया सहित बड़ी संख्या में सदस्य और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में शोरूम चौराहे पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण सरंक्षण का संकल्प लिया गया।