नीमच। सावन माह में धार्मिक उत्साह और शिवभक्ति का उल्लास एक बार फिर नीमच की सड़कों पर उमड़ पड़ा, जब विजय मित्र मंडल द्वारा 23वीं वर्षगांठ पर भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने भाग लिया और ‘बोल बम’ के जयघोषों से शहर को गुंजायमान कर दिया।
यात्रा का शुभारंभ प्रातः बावड़ी वाले बालाजी मंदिर से हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने पवित्र जल से कावड़ भरकर नीलकंठ महादेव मंदिर की ओर रवानगी ली। डीजे व बैंड की भक्ति धुनों पर झूमते हुए शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यात्रा जब-जब आगे बढ़ी, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कावड़ियों का स्वागत किया।
गंतव्य स्थल नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचकर भक्तों ने विधिवत जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से अपने कल्याण की प्रार्थना की। इसके उपरांत मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति रस का आनंद लिया।
विजय मित्र मंडल ने इस सफल आयोजन में सहयोग देने वाले समस्त शिवभक्तों, प्रशासन एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताया। यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक सौहार्द और संगठनात्मक समर्पण का भी उदाहरण प्रस्तुत किया।