ग्वालटोली स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय के पीछे, वार्ड क्रमांक 11 में स्थित श्री मस्त बजरंग बालाजी मंदिर से शुक्रवार दोपहर भक्त महिला मंडल द्वारा सावन माह के पावन अवसर पर भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया।
मंदिर समिति के प्रमुख सदस्य राकेश पंडित ने बताया कि यात्रा डीजे, ढोल और ध्वजा के साथ प्रारंभ हुई और शहर के प्रसिद्ध श्री किलेश्वर महादेव मंदिर तक निकाली गई। इस धार्मिक यात्रा में महिला मंडल की सदस्याओं के साथ क्षेत्र की अन्य महिलाएं, बच्चे और युवा भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
श्रद्धालुओं ने कावड़ में जल भरकर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में भावपूर्ण सहभागिता निभाई। ग्वालटोली से शुरू हुई यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई किलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां देर शाम तक धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए।
किलेश्वर मंदिर पहुंचने पर भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। इस दौरान डीजे पर शिव भजनों की गूंज और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया। धार्मिक उल्लास और आस्था से परिपूर्ण इस आयोजन में महिलाओं और बच्चों की विशेष भागीदारी रही।