उज्जैन में रंगपंचमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। उत्सव की शुरुआत महाकाल मंदिर में भस्म आरती से हुई, जहां बाबा महाकाल को केसर युक्त रंग अर्पित किया गया। इसके बाद नगर निगम की भव्य नगर गेर निकाली गई, जिसमें हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। गेर में 20 क्विंटल गुलाल, 30 किलो रंग, डीजे, ताशा पार्टी और विशेष जलपान की व्यवस्था की गई। महाकाल ध्वज चल समारोह भी नगरभर में निकाला गया। रंगों से सराबोर उज्जैन की सड़कों पर भक्तों की उमंग देखते ही बनी। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक अंदाज में भगवान महाकाल के साथ रंगपंचमी का आनंद लिया।